Indore

रतलाम से दूधमुंहे बच्चे को चुराकर भागे महिला-पुरुष को शिवपुरी पुलिस ने पकड़ा, 22 घंटे में मासूम बरामद


नईदुनिया प्रतिनिधि, शिवपुरी। रतलाम जिले के जावरा थाना क्षेत्र में स्थित देव स्थल हुसैन टेकरी से एक छह माह के दूधमुंहे मासूम को चुराकर भागे महिला-पुरुष को शिवपुरी पुलिस ने पूरनखेड़ी टोल टैक्स पर वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ लिया।

चुराए गए मासूम बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। शिवपुरी की कोलारस पुलिस ने बच्चा और आरोपित महिला-पुरुष रतलाम पुलिस के सुपुर्द कर दिए हैं।

सोते समय गायब हुआ मासूम

जानकारी के अनुसार सागर निवासी साहिल खान व उसकी पत्नी शाहीन खान अपने छह माह के बच्चे आयान के साथ 25 मई को जावरा स्थित हुसैन टेकरी पर बाबा के दर्शन करने के लिए गए थे। तब से वह दोनों अपने बच्चे के साथ जावरा में ही बाबा की दरगाह पर ही रुके हुए थे।

इसी क्रम में 4-5 जून की दरम्यानी रात जब दंपत्ति अपने बच्चे के साथ सो रहे थे, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुबह लगभग 4 बजे उनका बच्चा चोरी कर लिया। बच्चा चोरी होने के करीब 15 मिनट बाद शाहीन को अहसास हुआ कि उसका बच्चा उसके पास नहीं है। वह जागी तो बच्चा गायब था। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

शिवपुरी पुलिस को मिली सफलता

पुलिस ने भी समय रहते कार्रवाई शुरू की और 5-6 जून की दरम्यानी रात शिवपुरी पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बच्चा चुराने वाली महिला व पुरुष को पूरनखेड़ी टोल प्लाजा पर गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

ऐसे सफल हुआ ऑपरेशन

रतलाम पुलिस ने सूचना मिलने के बाद करीब 250 सीसीटीवी कैमरे चेक करने के साथ ही कुछ संदिग्ध मोबाइल नंबर ट्रेस किए।

सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन का आपस में मिलान करने पर पुलिस ने देर शाम संदिग्ध ट्रेस कर लिए।

संदिग्धों की तलाश शुरू की तो यह तय हो गया कि, बच्चा चोर इंदौर से किसी बस में सवार होकर शिवपुरी की तरफ गए हैं।

देर रात 12 बजे शिवपुरी एसपी यांगचेन डोलकर भूटिया को सीसीटीवी फुटेज और नंबर उपलब्ध करवाए गए।

रात 12:15 बजे शिवपुरी की साइबर टीम के साथ-साथ हाईवे के सभी थानों की पुलिस एक्टिव हो गई।

12:30 बजे से कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा ने लुकवासा चौकी व कोलारस थाने के फ़ोर्स के साथ वाहन चेकिंग शुरू की।

शिवपुरी पुलिस ने डेढ़ घंटे में 70-80 कार, बस और ट्रकों को चेक किया और रात 2 बजे बच्चा चुराने वालों को पकड़ लिया।

राजस्थान का निकला चोर गिरोह

जिन आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान राजस्थान झालावाड़ निवासी रूपा रैगर और निजाम मंसूरी के रूप में हुई है। इन दोनों के साथ एक 13 साल का बच्चा निजाम भी था, जो निजाम मंसूरी का बेटा बताया जा रहा है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि बच्चा क्यों चुराया था। हालांकि प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने यह बताया कि उसके यहां कोई बेटा नहीं है, यही कारण रहा कि उसने बच्चा चुराया था। हालांकि पुलिस इसे बच्चा चोर गिरोह ही मानकर चल रही है।

दिल्ली में बच्चा बेचने का अनुमान

पुलिस का मानना है कि अगर महिला बच्चा अपने लिए चुराती तो फिर वह भाग कर सीधा राजस्थान जाती। उक्त दोनों ने इंदौर से कमला बस में दिल्ली जाने के लिए टिकट क्यों बुक कराए? पुलिस का अनुमान है कि संभवतः यह दोनों दिल्ली में किसी को बच्चा बेचने जा रहे हों। हालांकि पुलिस हर एंगल पर पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)