दुकान के बोर्ड को लेकर विवाद, मारपीट में कैफे संचालक घायल
Advertisement

नागपुर: एमआईडीसी थाना क्षेत्र में दुकान के बोर्ड को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बोर्ड लगाने का विरोध करने पर एक कैफे संचालक के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना वानाडोंगरी-हिंगणा रोड स्थित पायल कैफे के सामने की है। शिकायतकर्ता मनीष नहु गिरी यहां पायल कैफे का संचालन करते हैं। इसी इमारत के ऊपरी तल पर आरोपी मनीष भोसले के पुत्रों की वाइन शॉप संचालित होती है।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने अपनी दुकान के सामने एक बोर्ड लगाया, जिसका कैफे संचालक ने विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मनीष गिरी के साथ मारपीट की, जिससे उनके दोनों कानों पर चोट आई।
घटना के बाद घायल मनीष गिरी को उपचार के लिए मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



