मप्र भाजपा में अंदरूनी रार… ‘मंत्री फाइलें कचरे में फेंक देते हैं’ वाले रतलाम विधायक के आरोप पर PWD मंत्री का पलटवार; गिनाए ₹107 करोड़ के काम
रतलाम ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक मथुरालाल डामर का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

HighLights
- मथुरालाल डामर ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के प्रस्ताव कचरे में फेंक दिए जाते हैं
- मंत्री ने जवाब में रतलाम के लिए 107 करोड़ रुपये की स्वीकृत सड़कों की सूची जारी की
- विधायक के क्षेत्र की उपेक्षा नहीं हुई, मांग पर कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। रतलाम ग्रामीण विधानसभा सीट से विधायक मथुरालाल डामर का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है, जिसमें वह लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के मंत्री राकेश सिंह पर सड़क निर्माण प्रस्तावों की अनदेखी करने का आरोप लगा रहे हैं। विधायक का कहना है कि मंत्री उन्हें पहचानते तक नहीं हैं और उनके द्वारा भेजे गए सड़क निर्माण के प्रस्ताव तथा फाइलें कचरे में फेंक दी जाती हैं।
बताया गया कि यह बयान 2 मई 2026 को रतलाम विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दिया गया था। विधायक ने यह भी कहा कि छोटे विधायकों के कार्य जल्दी नहीं होते और उनकी सुनवाई नहीं की जाती।
मंत्री ने पत्र लिखकर दिया जवाब
विधायक के बयान पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखकर जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि विधायक का बयान उन्हें कटघरे में खड़ा करने वाला है, जबकि उनकी मांग पर रतलाम ग्रामीण क्षेत्र में करीब 107 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है।
107 करोड़ की स्वीकृत सड़कों की सूची भी भेजी
मंत्री ने अपने पत्र के साथ उन सभी सड़क परियोजनाओं की सूची भी भेजी है, जिनके लिए रतलाम ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में राशि स्वीकृत की गई है। उनका कहना है कि विधायक के क्षेत्र की उपेक्षा नहीं की गई है और उनकी मांगों के अनुरूप कई सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।
