नागपुर अत्याचार प्रकरण में नया खुलासा: गुप्त वीडियो रिकॉर्डिंग बनी अहम सबूत, एफआईआर में कई चौंकाने वाले आरोप
Advertisement


नागपुर: वायुसेना के एक जवान की पत्नी से कथित अत्याचार के मामले में अब नए और गंभीर खुलासे सामने आए हैं। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, मुख्य आरोपी अय्याज मदारे पर पीड़िता को ब्लैकमेल करने, जबरन निकाह कराने और गोमांस खाने के लिए मजबूर करने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मामले में सबसे महत्वपूर्ण सबूत पीड़िता की एक सहेली द्वारा गुप्त रूप से की गई वीडियो रिकॉर्डिंग को माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच को नई दिशा मिली है और पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण साक्ष्य लगे हैं।
पारिवारिक परिस्थितियों का उठाया फायदा
एफआईआर के अनुसार, पीड़िता की मां का निधन हो चुका है और उसके वृद्ध पिता अकेले रहते हैं। उसका कोई भाई या बहन नहीं है। परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा और पिता के सख्त स्वभाव के कारण वह लंबे समय तक किसी को अपने साथ हो रहे कथित अत्याचार के बारे में नहीं बता सकी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने इसी मजबूरी और अकेलेपन का फायदा उठाया।
आईटी गार्डन के पास फ्लैट में रहने के लिए किया मजबूर
एफआईआर के मुताबिक आरोपी ने पीड़िता को उसका पुराना कमरा छोड़ने के लिए मजबूर किया और मानकापुर स्थित आईटी गार्डन के पास एक टू-बीएचके फ्लैट में शिफ्ट कराया। यह फ्लैट पीड़िता ने अपनी एक सहेली के साथ साझा आधार पर लिया था।
आरोप है कि आरोपी अक्सर वहां पहुंचकर उसे धमकाता था। इसी दौरान एक दिन सहेली ने साहस दिखाते हुए अपना मोबाइल फोन दूसरे कमरे में वीडियो रिकॉर्डिंग मोड पर छोड़ दिया।
शिकायत के अनुसार, रिकॉर्डिंग में आरोपी कथित रूप से कुछ मंत्र पढ़ते हुए और टोना-टोटका जैसी गतिविधियां करते हुए दिखाई दिया है।
जबरन निकाह और गोमांस खिलाने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 31 मई 2025 को उसे मध्य प्रदेश के तामिया ले जाया गया, जहां एक मौलाना की मौजूदगी में एक कमरे में उसका जबरन निकाह कराया गया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि वहां उसे जबरन गोमांस खिलाया गया।
एफआईआर के अनुसार, अपने वैवाहिक जीवन और पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर भय के कारण पीड़िता करीब एक वर्ष तक चुप रही। बाद में उसने सोनेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
दो आरोपी गिरफ्तार, मौलाना की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे और उसके सहयोगी आमिर शेख को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं कथित रूप से निकाह कराने वाले मौलाना की तलाश के लिए पुलिस टीम को मध्य प्रदेश भेजा गया है।
पति की गतिविधियों पर रखता था नजर
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से पीड़िता के पति की गतिविधियों पर नजर रखता था। पीड़िता के पति भारतीय वायुसेना में कार्यरत हैं। शिकायत के अनुसार आरोपी यह जानकारी हासिल करता था कि वे कब नागपुर आते हैं और कब वापस ड्यूटी पर लौटते हैं।
आरोप है कि जब पति नागपुर में रहते थे तब आरोपी पीड़िता से दूर रहता था, लेकिन उनके वापस जाने के बाद फिर से संपर्क कर उसे परेशान करता था।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपों की गहन पड़ताल की जा रही है।



