धार में हथियारबंद बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती के परिवार को बंधक बनाकर लाखों की लूट, फायरिंग और पथराव कर फैलाई दहशत
हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। …और पढ़ें
_m.webp)
HighLights
- हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर पूरे परिवार को बनाया बंधक
- मारपीट और हवाई फायरिंग के बाद नकदी व आभूषण लूटकर फरार
- घटना में कई लोग घायल, पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, धार। मानपुर क्षेत्र के ग्राम भग्यापुर में शनिवार रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपती के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने इस मामले को लेकर क्या कहा
फरियादी दूधिया किशन ने पुलिस को बताया कि सात से आठ बदमाश दीवार फांदकर घर में घुसे थे। उनके हाथों में लाठी, फालिया, पत्थर और अन्य हथियार थे। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती को धमकाते हुए चुप रहने को कहा और विरोध करने पर मारपीट की।
मारपीट भी की गई
इसके बाद बदमाशों ने घर की अलमारी से सोने के टाप्स, दो अंगूठियां, सोने की चेन, चांदी की पायजेब तथा करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए। घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर पहुंचे बेटे राजेश मुवेल पर बदमाशों ने पत्थर से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोकेश मुवेल और पोते रोहित के साथ भी मारपीट की गई।
मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू
पीड़ित परिवार के अनुसार बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। शोर सुनकर जब ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे तो आरोपितों ने उन पर भी पत्थरबाजी की और मौके से फरार हो गए। परिवार का दावा है कि बदमाश करीब ढाई से तीन लाख रुपये मूल्य का सामान लूटकर ले गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
