ग्वालियर से गुजरात भेजी गई 912 पेटी बीयर व शराब इंदौर में पकड़ी, 5 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, ट्रक यूपी 63बीटी 1468 में 912 पेटी बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। ट्रक मिर्जापुर के मोहम्मद इमरान के नाम पर रजिस्टर्ड है।

HighLights
- मप्र में शराब तस्करी के एक हाईटेक माड्यूल का पर्दाफाश
- वर्चुअल कॉलिंग और जीपीएस से निगरानी रखता था सरगना
- पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने ट्रक के आगे पायलट वाहन
डिजिटल डेस्क। मध्य प्रदेश में शराब तस्करी के एक हाईटेक माड्यूल का पर्दाफाश हुआ है। इंदौर पुलिस ने पांच तस्करों को गिरफ्तार कर ट्रक से 912 पेटी बीयर और अंग्रेजी शराब जब्त की है। इसकी कीमत करीब 55 लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर अपनी असली पहचान छिपाने के लिए वर्चुअल नंबरों का उपयोग करते थे और जीपीएस से ट्रक की निगरानी करते थे। पुलिस गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रक के आगे पायलट वाहन चलता था।
जानकारी के अनुसार, आरोपित शराब गुजरात ले जा रहे थे, उन्होंने पुलिस को बताया कि शिवपुरी के माफिया मोनू ने यह शराब इंदौर के राऊ गोल चौराहा ले जाने के लिए कहा था, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर पहले ट्रक चालक आकाश और उसके साथी राहुल को एचआर रिसोर्ट के पास पकड़ा। फिर कार रुकवाकर उसमें सवार दीपांशु, नीतेश और विजय को गिरफ्तार कर लिया।
टीआइ डॉ. सहर्ष यादव के अनुसार, ट्रक यूपी 63बीटी 1468 में 912 पेटी बीयर और अंग्रेजी शराब मिली। ट्रक मिर्जापुर के मोहम्मद इमरान के नाम पर रजिस्टर्ड है। आकाश ने बताया कि तस्कर अपना नाम नहीं बताते और ट्रक में जीपीएस लगा हुआ है, जिससे सरगना लोकेशन ट्रैक करता रहता है।