नागपुर में फिर खून से लाल हुई रात, घर के अंदर युवक की बेरहमी से हत्या

नागपुर: नागपुर शहर में लगातार बढ़ रही हत्या की घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता और दहशत दोनों बढ़ा दी है। एनसीआरबी रिपोर्ट में अपराध के मामलों में नागपुर का नाम लगातार ऊपर आ रहा है, वहीं शहर में हर दो-तीन दिन में हो रही हत्या की वारदातों ने पुलिस व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला गिट्टीखदान थाना क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति की उसके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल फैल गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, गिट्टीखदान पुलिस थाना अंतर्गत गौरखेड़े कॉम्प्लेक्स के पास रहने वाले 40 वर्षीय अजय श्रीवास की अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक अजय श्रीवास अकाउंट का काम करते थे। इसके अलावा सीताबर्डी घाट रोड स्थित जैन डेरी के पास उनके नाम से जमीन खरीद-बिक्री का कार्यालय भी संचालित था।
सूत्रों के अनुसार, अजय श्रीवास की मां का करीब पंद्रह दिन पहले निधन हुआ था, जिसके बाद वह घर में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी पिछले लगभग दस वर्षों से अलग रह रही है। घटना वाले दिन सुबह उनके घर कुछ रिश्तेदार और परिचित मौजूद थे। दोपहर करीब दो बजे उन्होंने अपने मित्र राहुल नौकरकर के साथ भोजन किया और उसके बाद अपने ऑफिस चले गए थे।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शाम को घर लौटने के बाद अज्ञात आरोपी ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने अजय श्रीवास को इतनी बेरहमी से गोदा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घर के अंदर खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही गिट्टीखदान पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही क्राइम ब्रांच और अपराध शाखा की टीम भी जांच में जुट गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा मृतक के परिचितों और करीबी लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस हत्याकांड ने एक बार फिर नागपुर शहर की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ते अपराध और हत्या की घटनाओं से नागरिकों में भय का माहौल है। फिलहाल पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया जाएगा।
Advertisement




