जीआरपी नीमच के एएसआई ने तस्कर को बेची थी डेढ़ किलो अफीम, गिरफ्तार
अनुसंधान के दौरान मंगल सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसे लगभग डेढ़ किलो अफीम जीआरपी थाना नीमच में पदस्थ एएसआई कन्हैयालाल भाटी ने बेची थी और इसके बदले मे…और पढ़ें

नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। जीआरपी नीमच के एक एएसआइ ने एक तस्कर को डेढ़ किलो अफीम बेची थी। तस्कर के इस खुलासे के बाद जिले की जीरन पुलिस ने अफीम तस्करी के प्रकरण में एएसआइ को संयोजित कर गिरफ्तार किया है। न्यायालय ने आगामी पूछताछ व जांच के लिए आरोपित एएसआई को दो दिन के रिमांड पर सौंपा है। जीरन पुलिस मामले में मुख्य आरोपित और एएसआई से पूछताछ कर रही है।
जीरन टीआई उमेश यादव ने बताया कि महू-नसीराबाद हाई-वे के सिमखेड़ा फंटे पर मुखबिर सूचना पर कार्रवाई कर सिमखेड़ा के मंगल सिंह पुत्र कुशाल सिंह को गिरफ्तार किया था। उसके पास हरे रंग की केस्टोल की प्लास्टिक की बाल्टी में साढ़े चार किलो अफीम बरामद हुई थी। पुलिस ने आरोपित मंगल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से 13 जुलाई तक का रिमांड मिला था।
अनुसंधान के दौरान मंगल सिंह ने पूछताछ में बताया कि उसे लगभग डेढ़ किलो अफीम जीआरपी थाना नीमच में पदस्थ एएसआई कन्हैयालाल भाटी ने बेची थी और इसके बदले में करीब एक लाख 30 हजार रुपये लिए थे।
आरोपित मंगल सिंह के इस खुलासे के बाद जीरन पुलिस ने जीआरपी थाने के एएसआई कन्हैयालाल भाटी को गिरफ्तार कर मेडिकल कराने के उपरांत उन्हें शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया।
जहां से दो दिन का रिमांड मिला है। जीरन पुलिस ने अवैध रूप से तस्करी के आरोपित मंगल सिंह को अफीम उपलब्ध कराने के आरोप में एएसआइ भाटी को गिरफ्तार कर मामला जांच में लिया है। उनसे अफीम के स्त्रोत के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पूर्व में थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली भाटी ने
एएसआइ कन्हैयालाल भाटी पूर्व में जीआरपी थाना नीमच के प्रभारी रहे। उन्होंने लंबे समय तक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाली। वर्तमान में थाना प्रभारी के रूप में टीआई मोतीराम चौधरी पदस्थ है और कन्हैयालाल भाटी एएसआई के रूप में जीआरपी थाने में पदस्थ है। वे मूल रूप से नीमच जिले के मनासा क्षेत्र के निवासी है।
साढ़े चार किलो अफीम तस्करी के मामले में जीआरपी थाने के एएसआई कन्हैयालाल भाटी का नाम सामने आया है, उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। मामला जांच में हैं।
हेमलता अग्रवाल, एएसपी नीमच
