भोपाल में आवारा कुत्तों के चाटने के बाद बिक रही थी बर्फ, वीडियो वायरल होते ही निगम ने लगाया जुर्माना
वीडियो सामने आते ही लोगों ने खाद्य सामग्री के रखरखाव को लेकर सवाल उठाए। मामला नगर निगम तक पहुंचा तो जोन-चार की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की। …और पढ़ें

HighLights
- काजी कैंप में बेचा जा रहा था बर्फ, निगम ने फिंकवाया
- वीडियो सामने आते ही लोगों ने इस पर सवाल उठाए।
- जोन-चार की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। काजी कैंप इलाके में स्थित एक बर्फ डिपो पर खुले में रखी बर्फ की सिल्लियों को आवारा श्वानों द्वारा चाटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। वीडियो सामने आने के बाद नगर निगम के अमले ने कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया और बर्फ को नाले में फिंकवा दिया।
शहर जोन-चार के वार्ड-15 स्थित काजी कैंप क्षेत्र में राजू साहू बर्फ डिपो से थोक और फुटकर दोनों स्तर पर बर्फ की बिक्री की जाती है। इसी बर्फ डिपो पर दो आवारा श्वान बर्फ की सिल्लियों पर चढ़कर उन्हें चाट रहे थे, किसी ने इसका वीडियो बनाकर मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो सामने आते ही लोगों ने खाद्य सामग्री के रखरखाव को लेकर सवाल उठाए। मामला नगर निगम तक पहुंचा तो जोन-चार की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच की।
निरीक्षण के दौरान टीम ने डिपो में रखी बर्फ की सिल्लियों को उपयोग के लायक नहीं मानते हुए नष्ट करवा दिया। कर्मचारियों ने बर्फ को नाले में फिंकवाया और डिपो संचालक राहुल साहू पर दो हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बर्फ का उपयोग पेय पदार्थों और खाद्य सामग्री में किया जाता है, ऐसे में इस तरह की लापरवाही सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है।
