कटनी में टेबिल पर अतिथि शिक्षिका ने तोड़ा दम, स्वजनों का हंगामा, कहा- गलत ऑपरेशन किया
स्वजनों का आरोप है कि आपरेशन के दौरान ही चिकित्सकों की लापरवाही से युवती की ओटी में तबियत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई थी।

HighLights
- सीधे जानकारी न देकर अस्पताल प्रबंधन घुमाता रहा
- युवती की मौत का सही कारण सामने आने पर कार्रवाई
- अधिकारियों ने युवती का पीएम दो चिकित्सकों की टीम से कराया
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। शहर के एक निजी अस्पताल में पथरी के आपरेशन के दौरान विजयराघवगढ़ निवासी एक युवती ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत पर स्वजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और चिकित्सकों पर गलत आपरेशन करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की।
पीएम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने युवती का पीएम दो चिकित्सकों की टीम से कराया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत का सही कारण सामने आने पर कार्रवाई की बात कही गई है।
कटनी के एमजीएम हास्पिटल में भर्ती कराया गया था
विजयराघवगढ़ निवासी फिजा परवीन, 24 साल नगर के ही शासकीय स्कूल में अतिथि शिक्षक थीं। स्वजनों ने बताया कि युवती को पेट में दर्द और पथरी की शिकायत के चलते कटनी के एमजीएम हास्पिटल में भर्ती कराया गया था।
चिकित्सकों की सलाह पर आपरेशन होना था
पथरी की शिकायत के चलते चिकित्सकों की सलाह पर मंगलवार को उसका आपरेशन होना था। स्वजनों का यह भी आरोप है कि युवती की मौत के बाद भी उनको सीधे जानकारी न देकर अस्पताल प्रबंधन घुमाता रहा और बाद में मौत होने की जानकारी दी गई।
समझाइश देते हुए शव को जिला अस्पताल भेजा गया
घटना के बाद स्वजनों ने अस्पताल परिसार में हंगामा शुरू कर दिया। जानकारी लगने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्वजनों को समझाइश देते हुए शव को जिला अस्पताल भेजा गया।
सीएमएचओ ने दो चिकित्सकों की टीम से कराया पीएम
कोतवाली पुलिस ने स्वजनों की शिकायत भी ली है और जांच कर रही है। दूसरी ओर मामला सामने आने के बाद सीएमएचओ ने दो चिकित्सकों की टीम बनाकर युवती का पीएम कराया है।
सीएमएचओ डा. राज सिंह ठाकुर का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। डाक्टरों की टीम से पीएम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हाे सकेगा कि युवती की मौत की सही वजह क्या रही है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 22 दिन से लापता आदिवासी किशोर का डुमना के जंगल में मिला कंकाल, हाथों की हड्डियां गायब
