विदिशा में छात्राओं के आगे झुका प्रशासन, ‘जेन अल्फा’ का प्रदर्शन देख CJP फाउंडर अभिजीत दीपके बोले- एक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से क्या होगा?
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में निजी बस ऑपरेटरों द्वारा छात्राओं का बस किराया बढ़ाने के विरोध में स्कूली छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया। बाद में…और पढ़ें

HighLights
- विदिशा में CJP के अंदाज में छात्राओं ने जीती बस किराए की लड़ाई
- जेन अल्फा के तेवरों के आगे SDM को भी झुकना पड़ा
- इस पूरे मामले पर अभिजीत दीपके का रिएक्शन सामने आया है
डिजिटल डेस्क, विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के सिरोंज में निजी बस ऑपरेटरों द्वारा छात्राओं का बस किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये करने के फैसले के विरोध में स्कूली छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया। छात्राओं के इस अप्रत्याशित प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिख रहा है कि स्कूल खत्म होने के बाद छात्राओं का ग्रुप सिरोंज बस स्टैंड पर जमा हुआ और एक बस के सामने खड़े होकर “विधायक जी, किराया कम करो!” के नारे लगाने लगा। इन छात्राओं में से कई रोजाना आसपास के गांवों से 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय करके पढ़ाई करने सिरोंज आती हैं।
इस घटना पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके का भी रिएक्शन आया है, जिन्होंने हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट-यूजी पेपर लीक के खिलाफ युवाओं के प्रदर्शन का नेतृत्व किया था। दीपके ने वायरल वीडियो को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करते हुए लिखा, ‘एक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से क्या होगा?’ मुझे उम्मीद है कि अब आप सभी को जवाब मिल गया होगा।”
आश्वासन मिलने के बाद छात्र हटीं
प्रदर्शन के कारण बस स्टैंड पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) ओम नारायण बड़कुल ने छात्राओं से बातचीत कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्राएं वहां से शांत होकर लौटीं।
विधायक उमाकांत शर्मा भी बस स्टैंड पहुंचे
इसी बीच तिरंगा यात्रा में शामिल होने पहुंचे स्थानीय विधायक उमाकांत शर्मा भी बस स्टैंड पहुंचे और अधिकारियों के साथ बस ऑपरेटरों की बैठक ली। बैठक में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद बस ऑपरेटरों ने किराए की दरों को वापस पुरानी दर यानी 10 रुपये पर तय करने पर सहमति जताई। विधायक शर्मा ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर छात्राओं को बस पास और विशेष किराया छूट देने का भी अनुरोध किया है।