मुरैना के डिप्टी कलेक्टर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का केस
अब डिप्टी कलेक्टर शादी करने से मना कर रहा है और शिकायत करने पर पूरे परिवार को मरवाने की धमकियां दे रहा है। एफआईआर करने के बाद पुलिस टीम रात में ही डिप …और पढ़ें

HighLights
- डिप्टी कलेक्टर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का केस
- मुरैना, सबलगढ़ और ग्वालियर में दुष्कर्म करने का आरोप
- अन्य महिला से अभद्रता के आरोप में सीएम कर चुके निलंबित
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। मुरैना के डिप्टी कलेक्टर अरविंद माहौर के खिलाफ बुधवार की देर शाम सिविल लाइन थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि वह मुरैना की 32 वर्षीय युवती को शादी का झांसा देकर एक साल से शोषण कर रहे थे। भांडेर में पदस्थ रहने के दौरान भी एक महिला ने उन पर आरोप लगाए थे।
सबलगढ़ एसडीएम रहते भी परेशान करने पर लड़की के चाचा ने शिकायत की तो उसे धमकाया व लड़की से अभद्रता की थी। इस मामले का वीडियो वायरल होने पर सितंबर 2025 में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अरविंद माहौर को निलंबित किया था।
हालिया मामले में पीड़िता अपने स्वजन के साथ एसपी धर्मराज मीना के पास पहुंची। शिकायत में बताया है, कि साल 2025 की शुरुआत में फेसबुक पर उसकी पहचान अरविंद माहौर से हुई।
उस समय अरविंद माहौर सबलगढ़ में एसडीएम थे। फेसबुक पर बातचीत के बाद मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और बातचीत होने लगी।
अरविंद माहौर ने युवती से शादी का प्रस्ताव रख दिया, जिसके लिए युवती भी सहमत हो गई। पीड़िता के अनुसार 30 मार्च 2025 को अरविंद माहौर उसे अपनी कार से घुमाने के बहाने मुरैना रेस्ट हाउस के पीछे ले गए, जहां कार में उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद सबलगढ़ में सरकारी आवास और फिर ग्वालियर में फ्लैट पर ले जाकर भी दुष्कर्म किया। पीड़िता के अनुसार अरविंद माहौर ने शादी करने की कसमें खाईं और 30 मार्च 2025 से 30 जून 2026 तक उसका कई बार शोषण किया।
अब डिप्टी कलेक्टर शादी करने से मना कर रहा है और शिकायत करने पर पूरे परिवार को मरवाने की धमकियां दे रहा है। एफआईआर करने के बाद पुलिस टीम रात में ही डिप्टी कलेक्टर की गिरफ्तारी के प्रयासों में जुट गई।
पांच करोड़ और एक महीने लड़की चेक करने को भेजो
बताया गया है कि पीड़िता के मोबाइल में कुछ ऐसे वीडियो हैं, जिनमें डिप्टी कलेक्टर द्वारा शारीरिक शोषण की पुष्टि हो रही है। पीड़िता ने अपने आवेदन में यह भी लिखा है, कि डिप्टी कलेक्टर माहौर शादी में पांच करोड़ रुपये कैश और एक महीने के लिए लड़की को चेक करने के लिए साथ भेजने की मांग स्वजन से कर रहा था।
