मां के फोन से रेपिडो बुक कर स्टेशन पहुंचा किशोर, दिल्ली जाने वाली ट्रेन में सवार
पुलिस ने स्टेशन पर कैमरे देखे तो वह संपर्क क्रांति ट्रेन में बैठता हुआ दिखा।

HighLights
- देर रात घर से गायब हुआ किशोर
- CCTV फुटेज से खुला रेपिडो का राज
- दिल्ली जाने वाली ट्रेन में दिखा, पुलिस तलाश में जुटी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। सिरोल इलाके में रहने वाले किशोर के अपहरण की खबर से खलबली मच गई। जब पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि उसने अपनी मां के मोबाइल से रेपिडो बुक की। बाइक बुक की और रेलवे स्टेशन पहुंच गया। इसके बाद दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठ गया। अब उसकी तलाश में टीम दिल्ली रवाना हुई है।
सिरोल क्षेत्र में रहने वाला किशोर रात को खाना खाकर सो गया था। देर रात जब उसके स्वजनों ने देखा तो बिस्तर से गायब था। इसके बाद पुलिस को अपहरण की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे देखे तो वह स्टेशन की तरफ जाता दिखा। बाइक पर बैठा हुआ था।
पुलिस ने पड़ताल की तो सामने आया कि सीसीटीवी कैमरे में जो बाइक सवार दिख रहा है, वह रेपिडो राइडर है। रेपिडो किशोर ने ही अपनी मां के मोबाइल से बुक की थी। इसके बाद स्टेशन पहुंचा। पुलिस ने स्टेशन पर कैमरे देखे तो वह संपर्क क्रांति ट्रेन में बैठता हुआ दिखा।