मछुआरों के लिए सुनहरा मौका, मत्स्य पालन और स्मार्ट फिश पार्लर के लिए सरकार देगी 5 लाख रुपये तक की मदद
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रो…और पढ़ें

HighLights
- मत्स्य पालन व स्मार्ट फिश पार्लर के लिए आवेदन शुरू
- ईकाई लागत का 40% तक मिलेगा अनुदान
- विभाग ने हितग्राहियों से आवेदन करने की अपील की है
नईदुनिया प्रतिनिधि, विदिशा। जिले में मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य उत्पादन बढ़ाना और मछुआरों की आय में वृद्धि करना है। इसके तहत तीन से छह माह तक पानी रहने वाले तालाबों में मत्स्यबीज संवर्धन तथा छह से नौ माह तक पानी वाले तालाबों में मत्स्य पालन के लिए अनुदान दिया जाएगा। ग्रामीण तालाबों में झींगा पालन के लिए भी आवेदन किए जा सकते हैं।
मिलेगा 40% तक अनुदान
सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने बताया कि ग्रामीण तालाब पट्टाधारक, स्व-सहायता समूह और मछुआ सहकारी समितियां कार्यालय में आवेदन जमा कर सकती हैं। स्वीकृत प्रकरणों में कार्य पूर्ण होने के बाद इकाई लागत का 40 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। योजना में स्मार्ट फिश पार्लर स्थापित करने के लिए भी प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। चयनित नगरीय निकायों और ग्राम पंचायतों को पार्लर स्थापना के लिए पांच लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी। विभाग ने पात्र हितग्राहियों से समय-सीमा में आवेदन करने की अपील की है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल गुप्ता ने गुरुवार को जिले के ईवीएम गोदाम का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था, सील और रखरखाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मोहिनी शर्मा ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित मासिक कार्यक्रम के तहत यह नियमित निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा और संरक्षित रखरखाव सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने गोदाम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निर्वाचन संबंधी सामग्री की सुरक्षा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस तरह का निरीक्षण प्रत्येक माह किया जाता है।
सुरक्षा सैनिक भर्ती शिविर आज से, जिलेभर में सात दिन चलेगा अभियान
भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद और जिला प्रशासन के सहयोग से काउंसलिंग इंडिया लिमिटेड, नीमच द्वारा जिले में आज शुक्रवार से सात दिवसीय सुरक्षा सैनिक भर्ती शिविर आयोजित किए जाएंगे। भर्ती शिविर क्रमशः ग्यारसपुर, नटेरन, लटेरी, सिरोंज, कुरवाई, गंजबासौदा और विदिशा जनपद पंचायतों में सुबह 10 से शाम 3.30 बजे तक लगाए जाएंगे।
भर्ती अधिकारी अरविंद गुर्जर ने बताया कि चयनित युवाओं को नीमच में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके बाद विभिन्न संस्थानों में 16 से 22 हजार रुपये मासिक वेतन पर नियुक्ति मिलेगी। उम्मीदवार का 10वीं उत्तीर्ण, आयु 19 से 40 वर्ष तथा न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर होना आवश्यक है। आवेदन के लिए अंकसूची, दो फोटो और निर्धारित पंजीयन शुल्क के साथ शिविर स्थल पर उपस्थित होना होगा।
