ट्रेन में ऑनलाइन खाना मंगाने वाले सावधान! IRCTC का 15 बड़ी वेबसाइटों पर एक्शन; यात्रियों को साइबर ठगी से बचाने अभियान शुरू
बिना अनुमति संचालित हो रही ई-कैटरिंग वेबसाइटों और मोबाइल ऐप्स के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। …और पढ़ें

HighLights
- 15 अनधिकृत ई-कैटरिंग वेबसाइटों और ऐप्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू की
- यात्रियों को असुरक्षित भोजन, साइबर ठगी और डेटा चोरी से बचाने पर फोकस
- केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म से भोजन बुक करने की सलाह दी गई
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। ट्रेन यात्रा के दौरान ऑनलाइन भोजन मंगाने वाले यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने रेलवे नेटवर्क में बिना अनुमति संचालित हो रही ई-कैटरिंग वेबसाइटों और मोबाइल ऐप्स के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को असुरक्षित भोजन, साइबर धोखाधड़ी और डेटा चोरी जैसे खतरों से बचाना है।
नियमों का पालन नहीं
आईआरसीटीसी के अनुसार, कई अनधिकृत प्लेटफॉर्म ऐसे होटलों और रेस्टोरेंट्स से भोजन उपलब्ध कराते हैं, जो खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन नहीं करते। इससे यात्रियों के स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ सकता है। वहीं, इन प्लेटफॉर्मों पर पीएनआर नंबर, मोबाइल नंबर और भुगतान संबंधी जानकारी साझा करने से साइबर ठगी और डेटा चोरी का जोखिम भी बना रहता है।
कानूनी कार्रवाई शुरू की है
आईआरसीटीसी ने railrestro.com, railmitra.com, travelkhana.com सहित 15 अनधिकृत वेबसाइटों और पोर्टलों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है। इस संबंध में फरवरी, मार्च और अप्रैल 2026 में कानूनी नोटिस और आपराधिक शिकायतें भी दर्ज कराई गई हैं।
इस बात का रखें ध्यान
भोपाल रेलवे स्टेशन सहित पश्चिम मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक ई-कैटरिंग वेबसाइट, ‘फूड ऑन ट्रैक’ मोबाइल ऐप, 1323 हेल्पलाइन या अधिकृत साझेदारों के माध्यम से ही भोजन बुक करें। वर्तमान में यह सेवा 400 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध है और प्रतिदिन लाखों भोजन ऑर्डर किए जा रहे हैं।
