Indore

एमपी के नीमच में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टर पर युवक कांग्रेस ने लगाए आपत्तिजनक स्टिकर, भाजपा ने केस दर्ज कराया


नईदुनिया प्रतिनिधि, नीमच। जिले में युवक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मप्र के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के पोस्टर पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाए हैं। इन स्टिकारों के जरिये कांग्रेसियों ने छात्र आंदोलन में की गई कार्रवाई को अमानवीय बताते हुए विरोध जताया है।

युवक कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक गिरावट और कांग्रेसियों का घिनौना चेहरा बताते हुए भाजपा ने विरोध के साथ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रकरण दर्ज किया है। मामले में जांच की जा रही है।

जिले में विशेषकर शहर में सरकारी योजनाओं के कई पोस्टर व होर्डिंंग्स लगे हैं, जिनमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव के फोटो लगे हैं। शहर में जिला अस्पताल रोड पर नीमच केंट थाने के सामने की ओर भी ऐसी ही एक सरकारी योजना का पोस्टर लगा हुआ है।

इस पोस्टर पर शुक्रवार सुबह लोगों की निगाहें पड़ी तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के फोटो पर आपत्तिजनक स्टिकर लगे हुए थे। थाने के सामने की ओर पोस्टर पर संवैधानिक पद पर बैठे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टर पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाने के मामले ने तूल पकड़ लिया।

मप्र युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह बांगरेड़ सहित अन्य ने इसकी जिम्मेदारी ली है। युवक कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं का कहना है कि पेपर लीक मामले में देश की राजधानी में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान देश और दिल्ली की सरकार ने अमानवीयता की।

छात्रों पर बल प्रयाेग कर उन्हें बेरहमी से पीटा गया। कई छात्र घायल हुए हैं। इसी कार्रवाई के विराेध में हमने प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर विरोध प्रदर्शन कर स्टिकर लगाए हैं।

भाजपाइयों ने इस प्रदर्शन को राजनीति में गिरावट करार दिया है। कांग्रेसियों का घिनौना चेहरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। नीमच केंट पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।

चार स्टिकर में आपत्तिजनक शब्द

मप्र के उद्योग और व्यापार की असीमित संभावनाओं पर आधारित सरकारी पोस्टर पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टर पर करीब 4 आपत्तिजनक स्टिकर लगाए गए हैं। इन पोस्टर में सीधे तौर पर लिखा गया है- मोदी ने मरवा दिया, छात्रों का खून मोदी के हाथ, संघी बूमर्स ने जेन जी को मरवा दिया और जेन जी से डर गया बूमर मोदी लिखा हुआ है। इन स्टिकरों को बेहद आपत्तिजनक माना जा रहा है।

भाजपाइयों ने जताया विराेध, कार्रवाई की मांग

युवक कांग्रेस के स्टिकर आंदोलन की जानकारी लगने पर भाजपा के मोहन सिंह राणावत, दारा सिंह यादव, मदन गुर्जर और रवि पाटीदार सहित अन्य ने विरोध जताया। उन्होंने पुलिस के समक्ष विरोध और आपत्ति दर्ज कराते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। भाजपाइयों के इस प्रदर्शन के बाद पुलिस हरकत में आई और प्रकरण दर्ज किया है।

युवा कांग्रेस का पक्ष-

देश की राजधानी नई दिल्ली के जंतर मंतर पर पेपर लीक मामले में विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का अमानवीय चेहरा सामने आया है। प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर न केवल लाठी चार्ज किया बल्कि अमानवीय बर्ताव किया गया जो कि कई स्वीकार नहीं किया जा सकता है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर समूचे प्रदेश के साथ जिले में युवक कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री डा यादव के पोस्टर पर विरोध स्वरूप स्टिकर लगाए गए हैं। – मनमोहन सिंह बांगरेड़, जिलाध्यक्ष युवक कांग्रेस नीमच

भाजपा का पक्ष-

जंतर मंतर पर छात्रों की आड़ में विरोध प्रदर्शन में असामाजिक तत्व घुस आए थे। 15 साल की बालिक कैसे नीट की परीक्षा दे सकती है लेकिन इसके बावजूद कम आयु के युवक-युवतियों ने प्रदर्शन में शामिल होकर प्रधानमंत्री और अन्य के प्रति अमर्यादित भाषा का उपयोग किया है। इसके बावजूद प्रधानमंत्री ने बड़ा मन रखते हुए सभी को माफ कर दिया। शहर में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के पोस्टर पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाकर कांग्रेसियों ने घिनौना और घृणित कार्य किया है। इसके संबंध में भाजपा की आेर से शिकायत दर्ज कराई गई है। – वंदना खंडेलवाल, जिलाध्यक्ष भाजपा नीमच

इनका कहना-

शासकीय योजना के पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मप्र के मुख्यमंत्री डा मोहन यादव के फोटो पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाने के मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है। मामले में जांच कर दोषियों के खिलाफ विधि अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। – सौरभ शर्मा, टीआइ नीमच केंट

फोटो-

08-एनसीएच-01- नीमच में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री पोस्टर पर आपत्तिजनक स्टिकर लगाए गए।

(सौजन्य आयोजक)

Please follow and like us:
error20
fb-share-icon584226
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)