Indore

MP Weather 10th August: इन 17 जिलों में मानसून मेहरबान, जबलपुर से विदिशा तक भारी बारिश का अलर्ट


नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मानसून के फिर सक्रिय होने से प्रदेश के पूर्वी और मध्य क्षेत्र के जिले रविवार को तरबतर हो गए। घने बादलों और 98 प्रतिशत तक नमी के बावजूद भोपाल केवल हल्की फुहारों से भीगता रहा। शनिवार रात से रविवार शाम 5:30 बजे तक यहां छह मिमी वर्षा हो पाई थी। दूसरी तरफ पूर्वी सीमा से लेकर आसपास के कुछ जिलों में मूसलाधार पानी बरसा है। रायसेन, नरसिंहपुर, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में अति भारी वर्षा हुई है। जबकि गुना, विदिशा, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में भारी वर्षा हुई।

अगले दो दिन ऐसी ही बारिश

मौसम विभाग ने 10 अगस्त को रायसेन, नर्मदापुरम, जबलपुर, नरसिंहपुर और सिवनी में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। विदिशा, राजगढ़, बैतूल, गुना, कटनी, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर, छतरपुर और पांडुर्णा में भारी बारिश की चेतावनी है। अन्य कई जिलों में भी बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा।

शनिवार रात से सोमवार सुबह तक सबसे भारी वर्षा डिंडौरी जिले में दर्ज हुई। यहां के बजाग में 150 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई। डिंडौरी, समनापुर और कुछ और स्थानों पर अति भारी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। इसकी वजह से नर्मदा और उसकी सहायक नदियां उफना गईं। सिवनी, मंडला, अनूपपुर, रायसेन, नरसिंहपुर जिलों में भी कई केंद्रों पर अति भारी वर्षा दर्ज हुई है। रायसेन के उदयपुरा में 143 मिमी और देवरी में 128.2 मिमी वर्षा हो चुकी थी।

विदिशा और गुना में नदियां उफान पर, कई मार्ग बंद

विदिशा के पठारी क्षेत्र में इस सीजन की सबसे भारी वर्षा हुई। यहां 98 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। बारिश की वजह से क्षेत्र के रेहटी और बघर्रू नदियों में बाढ़ आ गई। पठारी से खुरई जाने वाला मार्ग रेहटी नदी के उफान से बंद हो गया। वहीं पठारी से त्योंदा जाने वाले मार्ग को बघर्रू नदी का पानी चढ़ जाने की वजह से बंद कर दिया गया। गुना में रविवार दिन भर रुक-रुककर वर्षा जारी रही। शाम 5:30 बजे तक 55 मिमी पानी बरस चुका था। नर्मदापुरम में 53 मिमी और पचमढ़ी में 63 मिमी वर्षा हो चुकी थी।

Please follow and like us:
error20
fb-share-icon584226
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)