MP कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साले पर जानलेवा हमला, कार से टक्कर मारने के बाद तलवार और लाठियों से पीटा, इंदौर रेफर
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के रिश्तेदार संजय पटेल पर रविवार सुबह मानपुर क्षेत्र में जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले उनकी मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मारी गई और उसके बाद तलवार, लाठी तथा डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद स्वजन और ग्रामीण आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मानपुर थाने पहुंच गए।
कार से टक्कर मारकर बाइक से गिराया, फिर दोबारा गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार सुबह 6:45 बजे एबी रोड स्थित पंजाबी ढाबे के समीप हुई। एफआईआर में बताया कि यशवंतनगर निवासी संजय (पुत्र मुरली पटेल) मोटरसाइकिल से खेत पर दूध निकालने जा रहे थे। उनके चाचा विष्णुप्रसाद पटेल भी पीछे-पीछे खेत की ओर जा रहे थे। तभी एक सफेद रंग की कार ने संजय की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे संजय सड़क किनारे गिर गए।
इसके बाद कार चालक ने गाड़ी को पीछे लेकर दोबारा संजय पर चढ़ाने का प्रयास किया। फिर कार से उतरे मिथुन (पुत्र सुभाष ठाकुर) निवासी यशवंतनगर, धनसिंह उर्फ भूपेंद्र (पुत्र राजेंद्र ठाकुर), वीरेंद्र सिंह उर्फ भीमा (पुत्र लखन पटेल) तथा अन्य साथियों ने उन्हें घेर लिया और लाठी और तलवार से हमला कर दिया। हमले में घायल संजय को तत्काल मानपुर अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर किया गया। स्वजनों का कहना है कि हमले में उनके दोनों हाथों और दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हुए हैं।
दो दिन पहले हुआ था विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
घटना की पृष्ठभूमि 12 जून को नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद से जुड़ी बताई जा रही है। उस दिन संजय पटेल ने सुभाष ठाकुर, धनसिंह ठाकुर, गणेश ठाकुर और मिथुन ठाकुर के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, घर में घुसकर तोड़फोड़ तथा जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी।
वहीं दूसरी ओर, जयंत (पुत्र राजेंद्र ठाकुर) ने संजय पटेल, राहुल पटेल, जयेश पटेल और मुन्नीबाई पटेल पर मारपीट, पत्थरबाजी और धमकी देने के आरोप लगाए थे। दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए थे।
आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर बढ़ा आक्रोश
रविवार को हुई घटना के बाद यशवंतनगर सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण और स्वजन बड़ी संख्या में मानपुर थाने पहुंचे। उन्होंने नामजद आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का कहना था कि हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी का है साला, बहन हैं भाजपा पार्षद
घायल संजय पटेल को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का साला बताया जा रहा है। वहीं उनकी बहन सीमा संजय चौधरी इंदौर नगर निगम के वार्ड क्रमांक 35 से भाजपा पार्षद हैं। घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर एयरपोर्ट पर खराब मौसम की मार… पुणे की उड़ान की लैंडिंग फेल, वड़ोदरा किया गया डायवर्ट
थाना प्रभारी महेंद्र मकाश्रै ने बताया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। कार्रवाई एफआईआर में दर्ज तथ्यों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी। आरोपितों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
