Indore

‘ग्रह दोष’ मिटाने आए थे बाबा जी, कैफे संचालक का पर्स और अंगूठी ही ‘साफ’ कर गए: भोपाल में कैफे संचालक को बनाया शिकार


साधु के वेश में आए ठग ने कैफे संचालक का विश्वास जीतकर 4,000 रुपये नकद और सोने की अंगूठी लेकर फरार हो गया।

Publish Date: Mon, 27 Jul 2026 01:18:23 PM (IST)Updated Date: Mon, 27 Jul 2026 01:18:23 PM (IST)

'ग्रह दोष' मिटाने आए थे बाबा जी, कैफे संचालक का पर्स और अंगूठी ही 'साफ' कर गए: भोपाल में कैफे संचालक को बनाया शिकार
प्रतीकात्मक फोटो, एआई से तैयार की गई है।

HighLights

  1. तरक्की और ग्रह दोष दूर करने का झांसा
  2. चमत्कार और पूजा का भरोसा देकर ठगा
  3. नकद और सोने की अंगूठी लेकर हुआ फरार

नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । राजधानी में अंधविश्वास का फायदा उठाकर ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। इस बार बाबा के वेश में आए एक शातिर ने कैफे संचालक को तरक्की और ग्रह दोष दूर करने का भरोसा दिलाया। विश्वास में लेने के बाद उसने चार हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी अपने कब्जे में लेकर फरार हो गया।

हबीबगंज थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

साधु के वेश पहुंचा

पुलिस के अनुसार दानिश नगर निवासी अनुभव खरे (34) अरेरा कॉलोनी में एक कैफे संचालित करते हैं। शनिवार दोपहर एक व्यक्ति साधु के वेश में उनके कैफे पर पहुंचा। उसने भोजन मांगा और बदले में रुपये लेने से इनकार करते हुए खुद को साधु बताया।

बातचीत के दौरान उसने हाथ की सफाई और चमत्कार दिखाकर अनुभव का विश्वास जीत लिया। कुछ देर बाद उसने कहा कि अनुभव के ग्रह-नक्षत्र अनुकूल नहीं हैं और विशेष विधि से उन्हें ठीक किया जा सकता है। उसने अनुभव से पर्स में रखे चार हजार रुपये अपनी हथेली पर रखने को कहा। देखते ही देखते रुपये गायब कर दिए और दावा किया कि कुछ समय बाद वे अपने-आप वापस मिल जाएंगे।

नकदी और अंगूठी लेकर हुआ गायब

इसके बाद आरोपी ने अनुभव की सोने की अंगूठी भी उसी प्रक्रिया के नाम पर ले ली। उसने भरोसा दिलाया कि एक घंटे बाद नकदी और अंगूठी दोनों वापस मिल जाएंगी। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस दौरान किसी को इसकी जानकारी दी तो पूजा निष्फल हो जाएगी और अशुभ परिणाम होंगे।

करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद जब बाबा वापस नहीं लौटा, तब अनुभव को ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने हबीबगंज थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Please follow and like us:
error20
fb-share-icon584226
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)