Indore

‘बाइक में दुपट्टा फंसने से मौत’ की झूठी कहानी खुली, भोपाल में गर्भवती नवविवाहिता के सुसाइड नोट ने खोला पति का राज


नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बैरागढ़ थाना क्षेत्र के संजय नगर में नवविवाहिता और गर्भवती महिला भारती मेवाड़ा (30) की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस जांच में महत्वपूर्ण खुलासे हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ है कि महिला की मौत फांसी लगने से हुई थी। जबकि घटना के बाद उसके पति ने पुलिस और स्वजनों को गुमराह करने के लिए इसे सड़क हादसा बताने की कोशिश की थी।

मामले की जांच के दौरान मृतका के मोबाइल फोन से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसके आधार पर पुलिस ने पति विकास मेवाड़ा और उसकी मां रजनी के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पहले पुलिस को किया गुमराह

पुलिस के अनुसार 6 जून की दोपहर करीब 12 बजे भारती मेवाड़ा ने अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना की जानकारी विकास के छोटे भाई ने उसे फोन पर दी थी। इसके बाद विकास घर पहुंचा और पत्नी को अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक पूछताछ में विकास ने पुलिस को बताया था कि वह अपनी गर्भवती पत्नी को अस्पताल लेकर जा रहा था। इसी दौरान उसका दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया, जिससे गला दबने के कारण उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल की जांच से खुली झूठी कहानी की पोल

हालांकि घटनास्थल का निरीक्षण और परिस्थितियों की जांच के दौरान पुलिस को पति की कहानी पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर विकास ने स्वीकार किया कि उसकी पत्नी ने कमरे में पंखे से दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगाई थी। उसने यह भी माना कि घटना से पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था और उसने पत्नी के साथ मारपीट की थी।

एक साल पहले मुलाकात, फिर प्रेम विवाह

जांच में सामने आया कि भारती बैरागढ़ के मोची मोहल्ला क्षेत्र की रहने वाली थी। करीब एक वर्ष पहले उसकी मुलाकात कपड़े की दुकान पर काम करने वाले विकास मेवाड़ा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और लगभग पांच महीने पहले परिवार की इच्छा के विरुद्ध उन्होंने प्रेम विवाह किया था।

महिला मित्र के साथ जन्मदिन मना रहा था पति

पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से मिले सुसाइड नोट में उल्लेख मिला कि विकास के किसी अन्य महिला से संबंध थे। घटना से दो दिन पहले विकास अपने जन्मदिन पर उस महिला मित्र के साथ घूमने गया था, जिससे भारती मानसिक रूप से आहत थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पहले महिला ने हाथ की नस काटकर जान देने की कोशिश की थी, फिर फांसी लगा ली।

यह भी पढ़ें- सांची दुग्ध संघ के डिप्टी जीएम से ₹1.77 करोड़ की धोखाधड़ी, निवेश के नाम पर की गई थी ठगी, भोपाल से आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)