रतलाम और आसपास के इलाकों में होने लगी मानसून की झमाझम बारिश, जल्दी शुरू होगी खरीफ की बोवनी
रतलाम शहर और आसपास के इलाकों में शुक्रवार को मौसम ने करवट ली और मानसून की झमाझम बारिश शुरू हो गई।

HighLights
- बारिश से गर्मी-उमस से परेशान लोगों को राहत मिली और किसानों के चेहरे खिल उठे
- किसानों ने बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभकारी बताया है, अब बोवनी शुरू होगी
- बड़ावदा में भी जोरदार बारिश से किसानों में झमाझम की उम्मीद जगी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। रतलाम शहर सहित अंचल में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई क्षेत्रों में मानसून की रिमझिम के साथ तेज वर्षा का दौर शुरू हो गया। लंबे इंतजार के बाद हुई इस वर्षा ने जहां मौसम को खुशनुमा बना दिया, वहीं किसानों के चेहरों पर भी राहत और खुशी साफ झलकने लगी। बच्चों और युवाओं ने भीगते हुए बारिश का स्वागत किया।
सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और दोपहर बाद कई स्थानों पर वर्षा ने रफ्तार पकड़ ली। कहीं हल्की फुहारें पड़ी तो कहीं तेज वर्षा ने लोगों को भीगने पर मजबूर कर दिया। शहर के विभिन्न हिस्सों में बच्चों और युवाओं ने वर्षा का आनंद लेते हुए मौसम का स्वागत किया। कई जगहों पर लोग छतों और सड़कों पर वर्षा का आनंद लेते नजर आए।
गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत लेकर आई बारिश
लगातार पड़ रही उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई है। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक महसूस की गई और मौसम काफी हद तक सुहावना हो गया। हालांकि बीच-बीच में उमस का असर भी बना रहा, जिससे पूरी तरह राहत नहीं मिल सकी।
किसानों ने इस बारिश को खरीफ फसलों के लिए लाभकारी बताया है। खेतों में नमी बढ़ने से बोवनी और फसलों की प्रारंभिक बढ़वार को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर सकारात्मक रूप से देखने को मिला।
अच्छी बारिश की उम्मीदें और भी मजबूत हो गईं हैं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यदि आने वाले दिनों में इसी तरह लगातार और अच्छी बारिश होती रही तो जिले में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। लगातार झमाझम वर्षा के बाद ही उमस और गर्मी से पूर्ण राहत मिलने की संभावना है। फिलहाल जिलेवासियों में अच्छी बारिश की उम्मीदें और भी मजबूत हो गई हैं तथा लोग मानसून के सक्रिय दौर का इंतजार कर रहे हैं।
गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। सुबह की आर्द्रता 81 प्रतिशत व शाम की 84 प्रतिशत रही, जो गुरुवार को क्रमश: 80 व 84 प्रतिशत थी।
सड़कों पर बहने लगा पानी
सिखेड़ी : ग्राम व आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार दोपहर झमाझम वर्षा से सड़कों पर पानी बहने लगा। वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम खुशनुमा बन गया। हालांकि अभी बोवनी लायक वर्षा नहीं हुई है। किसानों को अभी भी बोवनी लायक झमाझम का बेसब्री से इंतजार है।
झमाझम की झड़ी की उम्मीद
बड़ावदा : नगर व आसपास के क्षेत्र में दोपहर एक बजे से जोरदार बारिश ने दस्तक दी। इससे किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई। बारिश की खेंच से चिंतित किसानों में अब शीघ्र झमाझम की झड़ी की उम्मीद जगी है।
