नईदुनिया चिकित्सक सम्मान समारोह-2026 आज, वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डा. आरएस शर्मा को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। चिकित्सा सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट उपलब्धियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित नईदुनिया चिकित्सक सम्मान समारोह-2026 का भव्य आयोजन शनिवार शाम 5 बजे से विदित सिग्नेचर टाउनशिप, पाटन रोड, जबलपुर में किया जाएगा।
लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड होगा विशेष आकर्षण
समारोह का सबसे विशेष आकर्षण प्रदेश के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ, सुखसागर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल से जुड़े तथा मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के पूर्व कुलगुरु डा. आरएस शर्मा को प्रदान किया जाने वाला लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड होगा।
समर्पित योगदान के लिए किया जाएगा सम्मानित

चिकित्सा शिक्षा, हृदय रोग उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। जबलपुर सहित सम्पूर्ण महाकोशल क्षेत्र के 43 ख्यात एवं उत्कृष्ट चिकित्सकों को चिकित्सा सेवा, शोध, नवाचार तथा समाज के प्रति उनके समर्पित योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
हजारों लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की
यह सम्मान उन चिकित्सकों के कार्यों को जनमानस के समक्ष रेखांकित करने का प्रयास है, जिन्होंने अपने ज्ञान और सेवा से हजारों लोगों के जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान की है।

मंत्री राकेश सिंह करेंगे सम्मानित
समारोह के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह होंगे। उनके द्वारा चयनित चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि मध्य प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर के कुलगुरु डा. अशोक खंडेलवाल होंगे।
चिकित्सा जगत और समाज का होगा संगम
नईदुनिया चिकित्सक सम्मान समारोह केवल सम्मान का मंच नहीं, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे विशेषज्ञों के प्रति समाज की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी बनेगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशिष्ट नागरिक, उद्योगपति, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं चिकित्सा जगत की अनेक हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
सहयोगियों के विशेष योगदान से सजेगा आयोजन
समारोह को भव्य स्वरूप प्रदान करने में विदित सिग्नेचर, अपोलो जेबीपी हास्पिटल जबलपुर तथा सुखसागर मेडिकल कालेज एवं अस्पताल विशेष सहयोगी की भूमिका निभा रहे हैं। इनके सहयोग से यह आयोजन चिकित्सा क्षेत्र के उत्कृष्ट योगदानकर्ताओं के सम्मान का एक यादगार अवसर बनेगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां बढ़ाएंगी समारोह की गरिमा
सम्मान समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। प्रख्यात नृत्यांगना डा. शैली घोपे अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। उनके साथ नृत्यांजलि कथक केंद्र के कलाकार मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगे।
नायकों को सम्मानित करने का प्रयास
नईदुनिया चिकित्सक सम्मान समारोह-2026 चिकित्सा क्षेत्र के उन नायकों को सम्मानित करने का प्रयास है, जो अपने ज्ञान, सेवा और समर्पण से समाज को स्वस्थ एवं सुरक्षित बनाने में निरंतर योगदान दे रहे हैं। यह आयोजन चिकित्सा उत्कृष्टता और सामाजिक सरोकारों के संगम का एक प्रेरणादायी उत्सव साबित होगा।
