Indore

ट्रैक्टर के चित्र वाले 5 रुपये के पुराने नोट के बदले फेसबुक पर साइबर ठग ने 17 लाख दिलाने का झांसा दिया और राजगढ़ के युवक से ऐंठ लिए 3.65 लाख


नईदुनिया प्रतिनिधि, राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में साइबर ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक युवक को 5 रुपये के एक विशेष नोट के बदले 17 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उससे 3.65 लाख रुपये ऐंठ लिए।

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए राजस्थान के एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3.24 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

5 रुपये का विशेष नोट था, जिस पर ट्रैक्टर का चित्र बना था

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि ब्यावरा तहसील के ग्राम आलमपुर निवासी अनिल राजपूत के पास 5 रुपये का एक विशेष नोट था, जिस पर ट्रैक्टर का चित्र बना हुआ था। फेसबुक के जरिए संपर्क करने वाले आरोपी ने दावा किया कि इस नोट की कीमत 17 लाख रुपये है और वह इसकी बिक्री करवा देगा

आरोपी ने खुद को भरोसेमंद बताते हुए फरियादी को विश्वास में लिया और अलग-अलग बहानों से बैंक खातों व डिजिटल माध्यमों के जरिए किस्तों में कुल 3.65 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

naidunia_image

ठगी का एहसास होने पर आत्महत्या करने पहुंचा युवक

जब अनिल राजपूत को पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हो चुकी है और उसकी जमा पूंजी ठग ली गई है, तो वह मानसिक रूप से टूट गया। वह आत्महत्या करने के इरादे से घटनास्थल तक पहुंच गया, लेकिन उसी दौरान ग्राम आलमपुर निवासी बलवंत सिंह सौंधिया ने समय रहते उसे समझाया और यह कदम उठाने से रोक लिया। इसके बाद वह उसे अपने साथ ब्यावरा शहर थाने लेकर पहुंचे, जहां पीड़ित ने पूरी घटना पुलिस को बताई।

तकनीकी जांच के बाद आरोपी दबोचा गया

शिकायत मिलने के बाद ब्यावरा शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की। पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, डिजिटल ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया।

राजस्थान का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले के ग्राम मटोरे निवासी 28 वर्षीय जुबेर खान के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 3.24 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन जब्त किए। बरामद मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस साइबर ठगी से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

जान बचाने वाले युवक और पुलिस टीम का सम्मान

पीड़ित की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले बलवंत सिंह सौंधिया को पुलिस अधीक्षक ने शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं, मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी में खैरथल-तिजारा पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय और उनकी डीएसटी टीम का विशेष सहयोग रहा। टीम में एएसआई सद्दीक, आरक्षक ओमप्रकाश और आरक्षक बृजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please follow and like us:
error20
fb-share-icon584226
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)