खंडवा में विद्यार्थियों से सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन करवाया, सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल को किया सस्पेंड
खंडवा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटाजन के प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

HighLights
- कुछ अज्ञात लोग स्वच्छता पखवाड़ा और पर्यावरण संरक्षण पर जागरूकता के नाम से स्कूल पहुंचे थे
- लेकिन उन्होंने पर्यावरण के बजाय नीट पेपर लीक, सोनम वांगचुक के आंदोलन और अन्य विषयों पर बात की
- छात्रों से सामाजिक-राजनीतिक संदेश बुलवाकर वीडियो बनाने का मामला सामने आया था
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पटाजन के प्राचार्य संदीप यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश संभागायुक्त ने दिए हैं। यह कार्रवाई कलेक्टर ऋषव गुप्ता की रिपोर्ट पर की गई है। विदित हो कि तीन दिन पहले शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल पटाजन में प्रार्थना सभा के दौरान कुछ बाहरी लोगों द्वारा छात्रों से सामाजिक राजनीतिक संदेश बुलवाकर उसका वीडियो बनाने का मामला सामने आया था।
बताया गया था कि कुछ अज्ञात लोंगो ने स्कूल पहुंच कर शिक्षकों से कहा कि वे स्वच्छता पखवाडा और पर्यावरण संरक्षण के संबंध में बच्चों को जागरूक करना चाहते है। लेकिन उन्होंने पर्यावरण के बजाय नीट परीक्षा पेपर लोक, सोनम वांगचुक के आंदोलन और अन्य विषयों पर बात करना शुरू कर दिया था। विद्यालय में लगी तस्वीरों को लेकर भी टिप्पणी की गई। इसका शिकायती आवेदन रोशनी चौकी पुलिस को भी दिया गया था।
अनियमितताओं के आधार पर कार्रवाई की गई
उल्लेखनीय है कि एसडीएम हरसूद ने स्कूल के निरीक्षण के लिए दल गठित किया था। निरीक्षण के दौरान स्कूल में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जनजातिय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. नारायण सिंह ने बताया कि प्रभारी प्राचार्य संदीप यादव के निलंबित होने पर प्राचार्य का प्रभार इसी स्कूल में पदस्थ वरिष्ठ शिक्षक हरिश कुमार रजक को सौंपा गया है। यह समाचार नईदुनिया द्वारा प्राथमिकता से प्रकाशित किया गया था।