पति दुकान पर खरीदता रहा शगुन की मिठाई, गहने-नकदी समेटकर ‘मैक्स’ गाड़ी से रफूचक्कर हुई दुल्हन
पुलिस का कहना है युवती पूर्व में हाथरस के युवक के साथ जा चुकी है और इसका मुकदमा पिनाहट थाने में दर्ज है।

HighLights
- शादी के 5 दिन बाद पग फेरे की रस्म
- लघुशंका का बहाना और गाड़ी से फरार
- लुटेरी दुल्हन का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। पग फेरे की रस्म को मायके आई नवविवाहिता गहने-नकदी लेकर मैक्स वाहन में बैठकर फरार हो गई। उस समय पति चौराहे पर शगुन की मिठाई लेने गया था। जब लौटकर आया तो नवविवाहित पत्नी नहीं मिली। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। वहीं पुलिस का कहना है युवती पूर्व में हाथरस के युवक के साथ जा चुकी है और इसका मुकदमा पिनाहट थाने में दर्ज है।
20 जुलाई को हुआ था विवाह
मुरैना जिले के महुआ थाना क्षेत्र के गांव पिपरई के रहने वाले गिर्राज सिंह का विवाह थाना पिनाहट के एक गांव निवासी युवती से 20 जुलाई को हुआ था। शादी के पांच दिन बाद पग फेरे के लिए सोमवार शाम 4 बजे अपने पति और ससुरालियों के साथ पिनाहट वापस आई थी। नवविवाहिता के घर पहुंचने से पहले कस्बा के नंदगवां तिराहे पर पति शगुन की मिठाई लेने को रुका और स्वजन के साथ नवविवाहिता को इंतजार करने के लिए कह गया।
पहले भी भाग चुकी है नवविवाहिता
इसी दौरान नवविवाहिता साथ आए ससुरालीजन से लघुशंका की कहकर चली गई, जो काफी समय तक वापस नहीं आई। चिंतित ससुरालियों ने जब आसपास देखा तो विवाहिता लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर अरनोटा की ओर जाती हुई दिखाई दी। उन्होंने भागकर उसका पीछा भी किया, लेकिन वाहन की तेजगति होने के कारण नवविवाहिता आंखों से ओझल हो गई। गिर्राज ने बताया कि उसकी पत्नी सोने-चांदी के गहने पहने हुए थी और नगदी भी उसके पास थी। वहीं महुआ थाना प्रभारी निरीक्षक वीपी गिरि ने बताया कि नवविवाहिता पूर्व में भी इसी तरह लापता हो चुकी है। इस मामले में हाथरस स्टेशन रोड निवासी विनोद के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत है। विवाहिता की तलाश में टीम रवाना की गई हैं।