कुवैत में 30 सालों से टेलरिंग का काम करता था मंजूर अहमद, एयरपोर्ट पर ईरान के ड्रोन हमले में मौत
कुवैत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ईरान द्वारा किए गए एक अचानक ड्रोन हमले में उज्जैन निवासी मंजूर अहमद उर्फ शेरू भाई (50) की मौत हो गई है। मृतक बुधवार …और पढ़ें

HighLights
- कुवैत में टेलरिंग का काम करते थे मंजूर अहमद
- एयरपोर्ट पर ईरान के ड्रोन हमले में मौत हो गई
- शुक्रवार को शाम तक भारत आ सकता है शव
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। कुवैत के अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर ईरान द्वारा किए गए एक अचानक ड्रोन हमले में उज्जैन निवासी मंजूर अहमद उर्फ शेरू भाई (50) की मौत हो गई है। मृतक बुधवार सुबह भारत लौटने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे, जहां वे इस हमले की चपेट में आ गए। उनकी मौत की खबर मिलते ही उज्जैन स्थित उनके निवास पर शोक की लहर दौड़ गई है।
बुधवार सुबह भारत लौटने के लिए पहुंचे थे एयरपोर्ट
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उज्जैन की राजरायल कॉलोनी निवासी मंजूर अहमद बीते 30 सालों से कुवैत में रहकर टेलरिंग (दर्जी) का काम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे उज्जैन में ही रहते हैं। मंगलवार को मंजूर ने अपने स्वजन से फोन पर बात की थी और बुधवार सुबह की फ्लाइट से भारत लौटने की जानकारी दी थी।
बुधवार सुबह साढ़े सात बजे उनकी दिल्ली के लिए फ्लाइट थी, जहां से उन्हें उज्जैन आना था। मंजूर सुबह समय पर एयरपोर्ट पहुंच भी गए थे, लेकिन इसी दौरान ईरान द्वारा कुवैत एयरपोर्ट को निशाना बनाकर ड्रोन हमला कर दिया गया, जिसमें मंजूर अहमद ने अपनी जान गंवा दी। वे अपने पीछे पत्नी, दो विवाहित पुत्रियों और एक बेटे को छोड़ गए हैं।
खाड़ी में जारी तनाव के बीच हुआ हमला
उल्लेखनीय है कि इन दिनों खाड़ी देशों में ईरान का अमेरिका व इजरायल के साथ गंभीर संघर्ष चल रहा है। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से युद्ध विराम जारी है, लेकिन इसके बावजूद छोटे-मोटे हमले लगातार किए जा रहे हैं।
युद्ध विराम को लेकर अभी तक कोई अंतिम समझौता नहीं हो सका है, जिसके चलते बीच-बीच में इस तरह के ड्रोन अटैक हो रहे हैं। इसी भू-राजनीतिक तनाव और हमलों की चपेट में आने से उज्जैन के मंजूर अहमद की असमय मौत हो गई।
शुक्रवार शाम तक उज्जैन लाया जा सकता है शव
मंजूर अहमद के स्वजन अब उनके पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द उज्जैन लाने के लिए मध्य प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं। इस संबंध में प्रशासनिक अधिकारियों से लगातार बातचीत जारी है। कुवैत में मौजूद उनके रिश्तेदार और परिचित भी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यदि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो शुक्रवार शाम तक मंजूर का शव उज्जैन लाया जा सकता है।
क्षेत्र में बढ़ी सैन्य हलचल
इसी घटनाक्रम के संदर्भ में खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों से अन्य बड़ी खबरें भी सामने आ रही हैं, जहां ईरान में पाकिस्तानी दूतावास के पास एक भीषण धमाका हुआ है। इसके साथ ही कुवैत के एक प्रमुख बंदरगाह पर भी ड्रोन स्ट्राइक किए जाने की सूचना है, जिससे पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बेहद तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
