Indore

रतलाम में रिमझिम-तेज वर्षा से मौसम हुआ सुहाना, रपट पर आया पानी, कई क्षेत्रों में जलजमाव, तापमान में गिरावट


नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। जिले में गुरुवार-शुक्रवार की रात मौसम ने अचानक करवट ली। करीब ढाई बजे से शुरू रिमझिम वर्षा का दौर कभी तेज तो कभी हल्की बौछारों के रूप में सुबह लगभग आठ बजे तक रुक-रुककर जारी रहा। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवाओं के साथ गरज-चमक भी देखने को मिली। इससे रात का मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया।

लगातार वर्षा के कारण शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के कई हिस्सों में जलजमाव की स्थिति निर्मित हो गई। निचले इलाकों में पानी भरने से आमजन को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर कीचड़ फैलने से दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से दिक्कतें हुईं। कई जगहों पर फिसलन के कारण यातायात भी धीमा हो गया। वर्षा का असर तापमान पर भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला। रात और दिन दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि शुक्रवार को दिनभर आसमान में बादलों की उमड़-घुमड़ बनी रही। इसके कारण लोग उमस से असहज महसूस करते रहे।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार की रुक-रुककर होने वाली वर्षा का कारण स्थानीय स्तर पर बन रहे बादल और नमी का बढ़ना है। आगामी दिनों में भी जिले में बादलों की आवाजाही और हल्की वर्षा की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। किसानों के लिए यह वर्षा राहत और चिंता दोनों लेकर आई है। खेतों में नमी बढ़ने से खरीफ फसलों को लाभ मिलने की संभावना है, लेकिन लगातार वर्षा होने पर जलभराव से नुकसान की आशंका भी जताई जा रही है।

गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 5.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सुबह की आर्द्रता 82 प्रतिशत व शाम की 42 प्रतिशत रही, जो गुरुवार को क्रमश: 64 व 37 प्रतिशत थी।

सावधानी रखने की अपील

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ताओं, आम नागरिकों से वर्षा, मौसम बिगड़ने, तेज हवा, आंधी के दौरान सावधानी रखने की अपील की है। कंपनी ने कहा कि तार, पोल, ट्रांसफार्मर से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। यदि कहीं तार टूटने, लाइन पर पेड़ गिरने, चिंगारी निकलने या अन्य असामान्य हलचल दिखाई दे तो टोल फ्री नंबर 1912 या संबंधित जोन, वितरण केंद्र के नंबर पर सूचित करें। टूटे तार को कदापि स्पर्श न करें। घरों में गीले हाथों से स्विच को हाथ नहीं लगाएं। कंपनी ने कहा कि खंभों के पास मवेशियों को नहीं बांधें, मवेशी खाने के उपर चद्दर के पास तार नहीं खींचे जाए।

वर्षा से सैलाना मंडी में फैली अव्यवस्था

सैलाना : स्थानीय मंडी परिसर की व्यवस्थाएं बेपटरी हो गई है। हाल ही में हुई वर्षा ने मंडी की पूर्व से ही गड़बड़ व्यवस्थाओं को ओर बिगाड़ दिया हैं। मंडी परिसर में वर्षा के पानी से जलजमाव ने गंदगी को और बढ़ावा दे दिया। परिसर में एक पेड़ को भी जमींदोज करने की दरकार हैं। अन्यथा ये पेड़ कभी भी कहर बन कर टूट सकता हैं। समुचित साफ-सफाई का अभाव मंडी से संबंधित हर तबके के लिए परेशानी का सबब बना हुआ हैं। मंडी प्रांगण की सफाई व्यवस्था जिम्मेदारों की जिम्मेदारी को ठेंगा बताती प्रतीत हो रही हैं। उपज के लिए बने शेड के इर्द-गिर्द ही जलजमाव के कारण गंदगी फैल रही हैं।

प्रीतमनगर खाल की रपट पर आया पानी

प्रीतमनगर : क्षेत्र में शुक्रवार सुबह प्री मानसून की झमाझम वर्षा से चारों तरफ पानी ही पानी हो गया। एक घंटे तक जोरदार वर्षा से ग्राम के बाहर खाल की रपट पर पानी आ गया। इससे ग्राम से फोरलेन तक का आवागमन बंद हो गया। किसान शांतिलाल सिसोदिया ने बताया कि इस वर्षा से खेतों की हंकाई-जुताई अच्छे से हो सकेगी। किसान अब खेतों में बोवनी की तैयारी में जुट जाएंगे।

एमपी में बारिश-आंधी का अलर्ट… भोपाल, इंदौर समेत 45 जिलों में बदलेगा मौसम, 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चलेगी हवा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)