Indore

खरगोन में अवैध पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार, इंदौर में खपाने वाला था हथियार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा


नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपित हथियार बेचने के लिए इंदौर जाने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि वह दो दिन पहले एक अवैध पिस्टल इंदौर में बेच चुका था।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक शहर के नवग्रह मेला ग्राउंड के पास अवैध हथियार लेकर इंदौर जाने वाला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बनवारीलाल मंडलोई के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना की गई।

पुलिस ने नवग्रह तिराहे के आसपास घेराबंदी की। इस दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए का एक युवक दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।

एक देशी पिस्टल बरामद

पूछताछ में युवक ने अपना नाम अयान (20) पिता सलाउद्दीन शाह निवासी जिलानी नगर, खरगोन बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। हथियार के संबंध में लाइसेंस या वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध देशी पिस्टल जब्त कर ली। उसके खिलाफ कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि अयान ने गुलशन नगर निवासी एक युवक से दो अवैध पिस्टल खरीदी थीं। पुलिस ने मामले में हथियार बेचने वाले और उससे हथियार खरीदने वाले दोनों व्यक्तियों को भी आरोपित बनाया है।

पुलिस का क्या कहना है

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान दोनों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। साथ ही अवैध हथियारों के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)