मीटर रीडिंग लेने आए बिजली कर्मचारी पर मकान मालिक ने छोड़े 3 खूंखार कुत्ते, काटकर किया लहूलुहान; FIR दर्ज
Gwalior Dog Attack News: घायल रविंद्र ने घटना की जानकारी अपने अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों को दी। जब बिजली विभाग का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा, तो आर…और पढ़ें

HighLights
- हजीरा के इंदिरा नगर में मीटर रीडिंग के दौरान हुआ हमला
- पिटबुल समेत तीन नस्ल के कुत्तों से करवाया जानलेवा हमला
- बिजली कर्मचारियों में आक्रोश, पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
डिजिटल टीम, ग्वालियर। ग्वालियर शहर में एक मकान मालिक ने बिजली रीडिंग लेने आए कर्मचारी पर अपने पालतू कुत्तों को छोड़कर हमला कर दिया। इस घटना में बिजली विभाग का कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना हजीराथाना क्षेत्र के इंदिरा नगर की
घटना हजीरा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर की है। बिजली विभाग के आउटसोर्स कर्मचारी रविंद्र सिंह राजावत बिरू तोमर के घर मीटर रीडिंग लेने पहुंचे थे। जैसे ही रविंद्र ने रीडिंग लेने के लिए कदम बढ़ाया, बिरू ने पूछा कि क्या वह बिजली विभाग से हैं। कर्मचारी ने हां कहा, तभी मकान मालिक ने गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद वह अपने तीन पालतू कुत्तों-“पिटबुल, रोडबिलर, जर्मन शेफर्ड”—को लेकर बाहर आया और उन पर रविंद्र पर छोड़ दिया। कुत्तों ने रविंद्र को काटकर लहूलुहान कर दिया।
आरोपी बिरू तोमर की तलाश जारी
घायल रविंद्र ने घटना की जानकारी अपने अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों को दी। जब बिजली विभाग का अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचा, तो आरोपी बिरू ने उन्हें भी गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने घायल कर्मचारी रविंद्र राजावत की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी बिरू तोमर की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के लिए सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर किया है।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस घटना की निंदा की है और कहा है कि ऐसे हमलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की घटनाएं न केवल कर्मचारियों के लिए खतरनाक हैं, बल्कि समाज में कानून व्यवस्था को भी चुनौती देती हैं।
मंत्री की बहन के पहुंचने का दावा
रविंद्र ने पुलिस को बताया कि विवाद के दौरान इलाके में रहने वाली ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की बहन भी मौके पर पहुंचीं। उनके हस्तक्षेप के बाद उसे आरोपी के चंगुल से बाहर निकाला गया। घटना ऊर्जा मंत्री के विधानसभा क्षेत्र में होने के कारण मामला चर्चा में है। पीड़ित ने आरोपी पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज होने का दावा भी किया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन आरोपों की भी जांच की जा रही है। हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।