अनूपपुर में अजगर ने मछली पकड़ने गए शिक्षक को जकड़कर पानी में खींच ले गया
मछली पकड़ने के बाद जब महेंद्र रैदास पानी से बाहर आने का प्रयास कर रहे थे, तभी एक विशाल अजगर ने उन्हें कमर और पैरों से जकड़ लिया।

HighLights
- तलाश में जुटी पुलिस और एसडीआरएफ
- जैतहरी की सोन नदी के दूधिया घाट में हादसा
- देर शाम तक पता नहीं चल सका, आज होगी तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, अनूपपुर। जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम क्योंटार के सोन नदी स्थित दूधिया घाट में मछली पकड़ने गए एक शिक्षक को अजगर द्वारा जकड़कर पानी में खींच ले जाने की घटना से हड़कंप मच गया।
देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका
घटना के बाद जैतहरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चल सका।
शासकीय मॉडल स्कूल जैतहरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं
शहडोल निवासी 45 वर्षीय महेंद्र रैदास शासकीय मॉडल स्कूल जैतहरी में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं और ग्राम मुर्रा में किराए का मकान लेकर रहते हैं। रविवार को वह एक अन्य युवक के साथ मछली पकड़ने के लिए ग्राम क्योंटार स्थित सोन नदी के दूधिया घाट गए थे।
चंगुल से छुड़ाने का काफी प्रयास किया
महेंद्र और उनके साथ मौजूद युवक ने अजगर के चंगुल से उन्हें छुड़ाने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते अजगर महेंद्र को पानी के अंदर खींच ले गया, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।
साथ मौजूद युवक ने घटना की जानकारी
साथ मौजूद युवक ने घटना की जानकारी पाकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जैतहरी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और पानी में शिक्षक की तलाश शुरू की।
क्षेत्र में लंबे समय से एक विशाल अजगर का विचरण
रविवार देर शाम तक अभियान चलाए जाने के बावजूद सफलता नहीं मिली। स्थानीय लोगों के अनुसार दूधिया घाट क्षेत्र में लंबे समय से एक विशाल अजगर का विचरण है।
घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल
पूर्व में भी इस अजगर द्वारा कई मवेशियों का शिकार किए जाने की बात सामने आती रही है। घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है और शिक्षक की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
यह भी पढ़ें- ठेकेदारों से अवैध वसूली के आरोप में बिजली कंपनी का बड़ा एक्शन, कार्यपालन अभियंता का तबादला