भोपाल में चरित्र शंका में पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास बैठकर रोता रहा पति
भोपाल के हबीबगंज में चरित्र शंका के चलते पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। रातभर शव के पास बैठा रहा। सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने गिरफ्तार किया।

HighLights
- चरित्र शंका में पति ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या की।
- वारदात के बाद आरोपी रातभर शव के पास बैठा रहा।
- सुबह पड़ोसियों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। हबीबगंज थाना क्षेत्र स्थित शांति नगर झुग्गी में चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के पास बैठा रोता रहा। बुधवार सुबह पड़ोसियों ने घर के भीतर महिला का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गुरुवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
हबीबगंज थाना पुलिस के अनुसार मृतका 45 वर्षीय लता बाई मूल रूप से बैतूल जिले की रहने वाली थी। करीब छह वर्ष पहले उसकी दूसरी शादी शांति नगर झुग्गी निवासी 47 वर्षीय रामप्रसाद उर्फ बब्लू से हुई थी, जो मजदूरी करता है। लता बाई के पहले पति की मौत हो चुकी थी। उसका इकलौता बेटा इटारसी में रहता है। बीते करीब एक वर्ष से पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद होते रहते थे।
पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट
- पूछताछ में सामने आया है कि लता बाई करीब तीन महीने पहले घर छोड़कर चली गई थी। मंगलवार रात वह वापस घर लौटी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई।
- आरोपी पति को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर चोट लगने से महिला बेसुध हो गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
- थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार आरोपी कुछ समय के लिए घर से चला गया और देर रात वापस लौटा तो महिला की मौत हो चुकी थी। इसके बाद वह पूरी रात शव के पास बैठा रहा। बुधवार सुबह करीब 9 बजे पड़ोसियों की नजर घर के भीतर पड़ी तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
- मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पूछताछ और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी रामप्रसाद उर्फ बब्लू को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
ये खबर भी पढ़ें- इंदौर में लॉ छात्रा ब्लैकमेलिंग का शिकार, मिलने से मना करने पर आरोपी ने अश्लील वीडियो बनाकर दोस्तों को भेजे, बनाई फर्जी आईडी