Indore

गरीबों के निवाले के साथ भद्दा मजाक… राशन की बोरी से निकला जानवर का कंकाल और हड्डियां, भड़के ग्रामीण; दुकान सील


शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से मिलने वाले घटिया, कंकड़-पत्थर और घुन लगे अनाज की शिकायतें तो आम थीं, लेकिन बुडेरा थाना क्षेत्र के ग्राम नन्ही टेहरी मे…और पढ़ें

Publish Date: Tue, 14 Jul 2026 10:54:17 PM (IST)Updated Date: Tue, 14 Jul 2026 10:54:17 PM (IST)

गरीबों के निवाले के साथ भद्दा मजाक... राशन की बोरी से निकला जानवर का कंकाल और हड्डियां, भड़के ग्रामीण; दुकान सील
राशन की बोरी से निकला जानवर का कंकाल और हड्डियां।

HighLights

  1. राशन की बोरी से निकला जानवर का कंकाल और हड्डियां
  2. 50 किलो गेहूं की सीलबंद बोरी में मिला सड़ा हुआ सिर
  3. जिला खाद्य अधिकारी ने दिए उच्च स्तरीय जांच के निर्देश

नईदुनिया प्रतिनिधि, टीकमगढ़/बड़ागांव धसान। गरीबों के निवाले पर सरकारी सिस्टम की लापरवाही और बेरहमी का एक बेहद घिनौना चेहरा सामने आया है। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से मिलने वाले घटिया, कंकड़-पत्थर और घुन लगे अनाज की शिकायतें तो आम थीं, लेकिन बुडेरा थाना क्षेत्र के ग्राम नन्ही टेहरी में जो हुआ, उसने पूरे प्रशासनिक अमले को हिलाकर रख दिया है।

यहां राशन दुकान से बांटे गए गेहूं की एक बोरी में से किसी जानवर का पुराना सिर (खोपड़ी) और हड्डियां निकली हैं। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला खाद्य विभाग ने कार्रवाई कर दुकान को सील कर दिया है और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं।

कंकाल देखकर पैरों तले जमीन खिसकी

गौरतलब है कि यह पूरा मामला नन्ही टेहरी की महिला बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित का है। ग्राम लक्ष्मणपुरा निवासी कोमल लोधी को 35 किलो और जागेश्वर लोधी को 15 किलो गेहूं मिलना था। राशन दुकान के सेल्समैन ने दोनों हितग्राहियों को अलग-अलग अनाज तौलने के बजाय 50 किलो की एक सील बंद बोरी थमा दी और कहा कि इसे घर ले जाकर आपस में बांट लें।

दोनों ग्रामीण जब बोरी लेकर घर पहुंचे और उसे खोला, तो गेहूं के बीच किसी जानवर का कंकाल देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बोरी में अनाज के साथ एक सड़ा हुआ सिर और सूखी हड्डियां भरी हुई थीं।

वापस पहुंचे तो सेल्समैन ने दबाया मामला

डरे-सहमे दोनों ग्रामीण तुरंत उस बोरी को लेकर वापस राशन दुकान पहुंचे और सेल्समैन अखिलेश धतरा को इसकी जानकारी दी। सेल्समैन ने आनन-फानन में मामले को दबाने की कोशिश करते हुए बोरी अपने पास रख ली और उन्हें दूसरा गेहूं देने का लालच देकर घर भेज दिया। हालांकि तब तक यह बात पूरे गांव में फैल चुकी थी। लक्ष्मणपुरा निवासी गणेश लोधी की सूचना पर देर शाम बुड़ेरा थाना प्रभारी बृजेंद्र सिंह घोष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गेहूं की बोरी और उसमें से मिली हड्डियों को अपने कब्जे में लेकर थाने में सुरक्षित रखवा लिया है।

यह भी पढ़ें- हरदा में जमीनी विवाद से परेशान किसान ने जनसुनवाई में खाया जहर, इलाज के दौरान हुई मौत

जानबूझकर जानवरों जैसा अनाज परोस रहा विभाग

नन्ही टेहरी निवासी हरि आदिवासी, राधे खंगार, सत्येंद्र यादव, फूलचंद पाल और धनीराम आदिवासी सहित दर्जनों ग्रामीणों का आरोप है कि इस उचित मूल्य की दुकान पर लंबे समय से जानवरों के खाने लायक घटिया और बदबूदार अनाज बांटा जा रहा है। अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कभी कोई सुनवाई नहीं हुई। अब बोरी में से सीधे कंकाल निकलने से साफ है कि राशन के भंडारण और परिवहन में भारी लापरवाही बरती जा रही है।

नन्ही टेहरी राशन दुकान के गेहूं में भेड़ या बकरी का सिर और हड्डियां मिलने का मामला बेहद गंभीर है। प्राथमिक तौर पर दुकान और संबंधित गेहूं के पूरे स्टाक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह जांच का विषय है कि वेयरहाउस से ही यह अवशेष पैक होकर आए थे या दुकान स्तर पर यह लापरवाही हुई है। जांच के बाद ही आगे का वितरण होगा।- सार्थक तिवारी, जिला खाद्य अधिकारी, टीकमगढ़

ग्रामीण की सूचना पर हमने मौके पर जाकर जांच की है। गेहूं की बोरी से जानवर की हड्डियां बरामद हुई हैं, जिन्हें थाने में रखवा लिया गया है। फिलहाल खाद्य विभाग की तरफ से हमें कोई लिखित शिकायत या जांच रिपोर्ट नहीं मिली है। विभाग का पत्र मिलते ही इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।- बृजेंद्र सिंह घोषी, थाना प्रभारी, बुड़ेरा

Please follow and like us:
error20
fb-share-icon584226
Tweet 20
fb-share-icon20

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error

Enjoy this blog? Please spread the word :)