‘भाजपा में अंतर्कलह, 2028 में कांग्रेस का रास्ता आसान…’,नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उपजे असंतोष पर विवेक तन्खा का तंज
जबलपुर में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने शनिवार को जबलपुर में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में भाजपा की अंदरूनी राजनीति पर तीखा हमला बोला।

HighLights
- प्रेस कॉन्फ्रेंस में विवेक तन्खा ने पीएम के विदेश दौरों पर भी ली चुटकी
- नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उपजे असंतोष पर तन्खा का तंज
- वरिष्ठ नेता की उपेक्षा से सड़कों पर हैं भाजपा कार्यकर्ता- विवेक तन्खा
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने शनिवार को जबलपुर में आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में भाजपा की अंदरूनी राजनीति पर तीखा हमला बोला। दतिया उपचुनाव में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद उपजे विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि माई के दरबार में इस समय उफान और तूफान आया हुआ है। तन्खा ने कहा कि अपने वरिष्ठ नेता की उपेक्षा से नाराज भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और ऐसा दृश्य मैंने आज तक भाजपा में नहीं देखा।
भाजपा में सब कुछ ठीक नहीं, 2028 दूर नहीं
तन्खा ने कहा कि भाजपा का आंतरिक मामला उसी का है, लेकिन जिस तरह पार्टी में असंतोष और अंतर्कलह बढ़ रही है, वह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि 2028 का विधानसभा चुनाव दूर नहीं है। यदि यही स्थिति बनी रही तो भाजपा में विद्रोह और बढ़ेगा तथा कांग्रेस के लिए राजनीतिक अवसर स्वतः बनेंगे।
राम मंदिर के चंदे पर उठाए सवाल
अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा गड़बड़ी के मामले में तन्खा ने कहा कि भगवान राम पूरे देश की आस्था के केंद्र हैं, इसलिए इस मामले में निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की कथित अनियमितता के बावजूद केवल दो लोगों पर कार्रवाई कर खाना पूर्ति की गई। उनका कहना था कि यदि ऐसा मामला किसी अन्य देश में होता तो कई जिम्मेदार लोगों को पद छोड़ना पड़ता।
यह भी पढ़ें- एमपी में बेरोजगार हुईं 31 संविदाकर्मियों को फिर मिली नौकरी, इंदौर-धार समेत 9 जिलों में पदस्थापना, कोर्ट के आदेश पर फैसला
पीएम के विदेश दौरों पर भी टिप्पणी
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तन्खा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों पर भी टिप्पणी की और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी से जुड़ा एक प्रसंग सुनाया। इस दौरान पूर्व विधायक संजय यादव, नगर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।
