MPPSC: खाद्य सुरक्षा अधिकारी 2025 का अंतिम परिणाम जारी, मुख्य भाग में 109 पदों पर उम्मीदवार चयनित
13 प्रतिशत प्रावधिक भाग का परिणाम रोक रखा है। 109 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक चयनित उम्मीदवारों की सूची लोक स्वास्थ् …और पढ़ें

HighLights
- खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा की अधिसूचना पिछले साल अप्रैल में निकाली थी।
- 30 सामान्य, 38 ओबीसी, 28 एसटी, 17 एससी और 10 ईडब्ल्यूएस के पद रखे गए।
- महिलाओं, भूतपूर्व सैनिकों और दिव्यांगजन के लिए भी आरक्षण निर्धारित किया गया था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती 2025 की अंतिम चयन प्रक्रिया का परिणाम घोषित कर दिया है। ओबीसी आरक्षण के चलते आयोग ने 87 फीसद मुख्य भाग में चयनित उम्मीदवारों की सूची निकाली है।
13 प्रतिशत प्रावधिक भाग का परिणाम रोक रखा है। 109 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक चयनित उम्मीदवारों की सूची लोक स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग को भेज दी। इसके आधार पर जल्द ही विभाग नियुक्तियां करेंगे।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती परीक्षा की अधिसूचना पिछले साल अप्रैल में निकाली थी। 123 पद निकाले गए, जिसमें 30 सामान्य, 38 ओबीसी, 28 एसटी, 17 एससी और 10 ईडब्ल्यूएस के पद रखे गए। इनमें महिलाओं, भूतपूर्व सैनिकों और दिव्यांगजन के लिए भी आरक्षण निर्धारित किया गया था।
आयोग ने 14 दिसंबर 2025 को लिखित परीक्षा करवाई, जिसमें तीस हजार से ज्यादा उम्मीदवार सम्मिलित हुए। महीनेभर के भीतर रिजल्ट घोषित किया गया। 21 जनवरी को जारी रिजल्ट में 123 पदों के लिए 480 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए, जिसमें मुख्य भाग में 382 और प्रावधिक भाग में 98 उम्मीदवार शामिल थे।
इनके लिए आयोग ने 15 से 24 अप्रैल के बीच साक्षात्कार रखे। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर मेरिट तैयार की गई है। आयोग ने 123 में से 87 प्रतिशत मुख्य भाग के पदों का ही चयन परिणाम निकाला है। 109 पदों पर उम्मीदवार का चयन हुआ है।
12 उम्मीदवारों को वेटिंग लिस्ट में रखा है। आयोग ने बताया कि 13 प्रतिशत प्रावधिक भाग के पदों का परिणाम फिलहाल जारी नहीं किया गया है। अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण से जुड़े न्यायालयीन प्रकरण के अंतिम निर्णय के बाद इन पदों का चयन परिणाम घोषित किया जाएगा।
